केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के 15 जिलों को कवर करने वाली दो मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन पर अनुमानित ₹24,815 करोड़ खर्च होंगे और भारतीय रेल नेटवर्क में करीब 601 किलोमीटर की वृद्धि होगी. परियोजनाओं को 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इनका उद्देश्य रेल संचालन को सुचारु करना और व्यस्त मार्गों पर भीड़ कम करना है.
उत्तर प्रदेश में 403 किलोमीटर का रेलखंड
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद-सितापुर रेलखंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाई जाएगी. 403 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹14,926 करोड़ है. यह खंड दिल्ली-गुवाहाटी हाई-डेंसिटी नेटवर्क का हिस्सा है और उत्तर भारत को देश के पूर्वी हिस्सों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
इस रेलखंड की मौजूदा क्षमता का इस्तेमाल 168 प्रतिशत तक पहुंच चुका है. परियोजना लागू नहीं होने पर यह उपयोग 207 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है. मार्ग गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों से होकर गुजरेगा.
हापुड़, सिंभावली, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर के व्यस्त स्टेशनों को बायपास करने का प्रस्ताव है. बायपास खंडों पर छह नए स्टेशन बनाए जाएंगे. परियोजना से कोयला, खाद्यान्न, रासायनिक उर्वरक और तैयार स्टील समेत सालाना 3.572 करोड़ टन अतिरिक्त माल ढुलाई की उम्मीद है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे सड़क परिवहन की तुलना में हर साल करीब ₹2,877.46 करोड़ की लॉजिस्टिक्स लागत बच सकती है.
आंध्र प्रदेश में बंदरगाहों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी
आंध्र प्रदेश में राजमुंदरी (निडादवोलु)-विशाखापत्तनम (दुव्वाडा) खंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाई जाएगी. 198 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब ₹9,889 करोड़ है. यह हावड़ा-चेन्नई हाई-डेंसिटी नेटवर्क का हिस्सा है और इसी मार्ग के क्वाड्रपलिंग कार्यक्रम से जुड़ी है.
यह रेलखंड ईस्ट गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, अनकापल्ली और विशाखापत्तनम जिलों से होकर गुजरेगा. मार्ग विशाखापत्तनम, गंगावरम, मछलीपट्टनम और काकीनाडा जैसे पूर्वी तट के प्रमुख बंदरगाहों को कनेक्टिविटी देता है. खंड की क्षमता का इस्तेमाल 130 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे जाम और परिचालन संबंधी देरी होती है.
परियोजना में गोदावरी नदी पर 4.3 किलोमीटर लंबा रेल पुल, 2.67 किलोमीटर का वायाडक्ट और तीन बायपास शामिल हैं. नया अलाइनमेंट मौजूदा मार्ग से करीब आठ किलोमीटर छोटा होगा. रेलवे के मुताबिक, इस मार्ग पर सालाना 2.904 करोड़ टन अतिरिक्त माल ढुलाई संभव होगी और सड़क परिवहन की तुलना में करीब ₹1,150.56 करोड़ की वार्षिक लॉजिस्टिक्स लागत बच सकती है.
