केंद्र सरकार ने यौन शोषण और दुष्कर्म के मामलों के जल्द निपटारे के लिए 850 फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने को मंजूरी दी है. कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि बैठक में ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और सरकारी आंकड़ों से जुड़ी कई योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई.

कैबिनेट ने 92 गीगावाट-घंटे (GWh) क्षमता वाली ग्रिड-स्केल एनर्जी स्टोरेज योजना के लिए ₹14,500 करोड़ मंजूर किए हैं. इसका उद्देश्य बिजली को बड़े पैमाने पर संग्रहित कर जरूरत के समय इस्तेमाल करना और सौर समेत नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर उपयोग करना है.

ऊर्जा भंडारण क्षमता के तीन हिस्से

योजना की कुल 92 GWh क्षमता में 30 GWh बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण, 60 GWh पंप स्टोरेज परियोजनाएं और 2 GWh नई तथा उभरती तकनीकों के लिए निर्धारित हैं. सरकार के अनुसार, स्टोरेज से ट्रांसमिशन लाइनों का उपयोग भी बेहतर हो सकेगा. दिन में सौर ऊर्जा से तैयार बिजली को संग्रहित कर रात या मांग बढ़ने पर भेजा जा सकेगा.

24 महत्वपूर्ण खनिजों की प्रोसेसिंग

कैबिनेट ने महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण की योजना को भी मंजूरी दी है. यह योजना खदानों से निकाले गए और रीसाइक्लिंग से प्राप्त कच्चे खनिजों को उत्पादन के लिए उपयोगी बनाने पर केंद्रित होगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसमें पहचाने गए सभी 24 महत्वपूर्ण खनिज शामिल होंगे. इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, बैटरी, रक्षा उपकरण और भारी मशीनरी जैसे क्षेत्रों में होता है.

डेटा व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर

सरकारी डेटा कलेक्शन सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए ₹4,371 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है. इसके तहत सर्वेक्षण पद्धतियों, आंकड़ों की जांच और सत्यापन में सुधार किया जाएगा. डेटा जुटाने की गलतियां कम करने, विश्वविद्यालयों में संबंधित पाठ्यक्रम शुरू करने और आंकड़ों की नियमित समीक्षा पर भी जोर रहेगा.