प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. परियोजना की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है. एयरपोर्ट का पूरा खर्च एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी.
प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर की टर्मिनल बिल्डिंग और 2,705 मीटर लंबा तथा 45 मीटर चौड़ा रनवे होगा. इसकी क्षमता पीक समय में 800 यात्रियों—400 आगमन और 400 प्रस्थान—को संभालने की होगी. सालाना आधार पर यह करीब 1.01 मिलियन यात्रियों को सेवा दे सकेगा.
यह एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों के लिए संपर्क सुविधा बढ़ाने के साथ मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर के लिए कनेक्टिंग पॉइंट के रूप में काम करेगा. सरकार के अनुसार, इससे पर्यटन और फल-सब्जियों जैसे खराब होने वाले सामान के कार्गो परिवहन को भी बढ़ावा मिल सकता है.
निर्माण उपकरणों के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना
कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (CIE) विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी. यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए होगी. इसमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन जैसी सात श्रेणियां शामिल हैं.
कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी मिली है. GST समेत इसकी अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये होगी. 900 मीटर लंबे टर्मिनल की सालाना क्षमता 2.0 मिलियन TEUs होगी और इसका डिजाइन ड्राफ्ट 18 मीटर रखा गया है.
इसके अलावा, 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम और 1,491 करोड़ रुपये के बजट के साथ एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी गई.
