नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में 25 वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व और प्रशासनिक यात्रा की सराहना की. प्रस्ताव में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुए उनके राजनीतिक सफर से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों तक का उल्लेख किया गया.
प्रस्ताव में गुजरात की SWAGAT और ज्योतिग्राम जैसी पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किए गए प्रशासनिक मॉडल से जोड़ा गया. SWAGAT के जरिए नागरिक शिकायतों की सुनवाई और PRAGATI के माध्यम से अटकी परियोजनाओं की समीक्षा को शासन में तकनीक और जवाबदेही के उदाहरण के तौर पर पेश किया गया.
गरीबों के लिए बैंक खाते, आवास, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ महिला सशक्तीकरण, किसान सहायता, स्टार्टअप, कौशल विकास और आदिवासी कल्याण योजनाओं का भी उल्लेख किया गया. प्रस्ताव में GST, डिजिटल भुगतान और औपनिवेशिक कानूनों में बदलाव जैसे सुधारों को सरकार की दीर्घकालिक नीति का हिस्सा बताया गया.
राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट कार्रवाई और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया गया. साथ ही, बुनियादी ढांचे, रक्षा क्षमता, आत्मनिर्भरता और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को मोदी के नेतृत्व की व्यापक दिशा के रूप में रेखांकित किया गया.
