कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में रितब्रत बनर्जी की विपक्ष के नेता के रूप में नियुक्ति रद्द कर दी है. जस्टिस कृष्ण राव की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को टिकाऊ नहीं माना, जिसके तहत बनर्जी को यह पद दिया गया था. अदालत ने अध्यक्ष रथिंद्र बोस को ममता बनर्जी गुट के दावों पर दोबारा विचार कर 10 दिनों के भीतर नया आदेश जारी करने का निर्देश दिया है.

अदालत ने अखरुज्जमान की मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्ति भी निरस्त कर दी. यह मामला ममता बनर्जी गुट के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. चट्टोपाध्याय ने दावा किया था कि 6 मई को हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें विपक्ष के नेता के लिए नामित किया गया था. उनके मुताबिक, बैठक में करीब 70 विधायक शामिल हुए थे और एक प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए गए थे.

रितब्रत बनर्जी ने बाद में स्पीकर के समक्ष शिकायत की थी कि प्रस्ताव पर किए गए हस्ताक्षर फर्जी हैं. इसके बाद स्पीकर ने तत्कालीन अविभाजित तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया था. कुछ दिनों बाद बनर्जी के नेतृत्व में 59 विधायकों के एक समूह ने अलग होकर डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस नाम का गुट बनाया.

3 जून को स्पीकर ने रितब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता मान्यता दी थी. जुलाई में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने उन्हें और अखरुज्जमान को दो महीने तक अंतरिम रूप से पदों पर बने रहने की अनुमति दी थी. यह अवधि 18 अक्टूबर को समाप्त होने के बाद चट्टोपाध्याय ने फिर अदालत का रुख किया.

रितब्रत बनर्जी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप कर ने दलील दी थी कि पार्टी के चुनाव चिह्न को लेकर विवाद निर्वाचन आयोग के समक्ष लंबित है और विपक्ष के नेता का निर्धारण आयोग के फैसले के आधार पर होना चाहिए. हाई कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष को अगले 10 दिनों में इस मुद्दे पर नया निर्णय लेना होगा.