देश में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 543 दवा ब्रांड्स और पैक के अधिकतम खुदरा मूल्य में बदलाव किया गया है. राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के फैसले के बाद इनमें से 397 यानी करीब 73% ब्रांड-पैक की कीमतें कम हुई हैं. नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 217 दवाओं के दाम आधे से भी कम किए गए हैं. 97 ब्रांड-पैक की कीमतों में 70% से अधिक और 50 पैक की कीमतों में 80% से अधिक कमी हुई है. पांच ब्रांड-पैक के दाम 90% से ज्यादा घटे हैं.

इन दवाओं पर सबसे बड़ी राहत

सबसे बड़ी कटौती सैमटिवा नाम के थियोटेपा 100 मिलीग्राम इंजेक्शन के एक वायल में हुई है. इसकी कीमत ₹80,071.86 से घटकर ₹7,150.33 हो गई है. इसी तरह पाल्बोसिक्लिब की पाल्बोप्रो दवा के 21 कैप्सूल वाले पैक की कीमत ₹40,421 से घटकर ₹2,720 कर दी गई है.

हालांकि, सूची में शामिल 146 ब्रांड-पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इनमें कुछ महंगी पेटेंट वाली दवाएं भी शामिल हैं. सरकार ने 137 कैंसररोधी दवाओं के साल्ट पर ट्रेड मार्जिन को MRP के 30% तक सीमित करने का आदेश दिया था. इसके बाद कंपनियों ने संशोधित कीमतों की जानकारी दी.

कई महंगी दवाओं के दाम स्थिर

इम्यूनोथेरेपी दवा कीट्रूडा की कीमत ₹2,16,500 पर बनी हुई है. इसका उपयोग 21 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में किया जाता है. स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली रिबोसाइक्लिब की कीमत भी ₹24,435 पर स्थिर है. टैग्रिसो, टेसेंट्रिक, डार्जालेक्स और इम्फिन्जी जैसी दवाओं के दामों में भी बदलाव नहीं हुआ है.

दवा कीमतों में अंतर का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में भी उठा था. 29 सितंबर को अदालत ने कथित तौर पर ₹2,700 की लागत वाली कैंसर दवा पर ₹27,000 MRP होने को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया था. न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने मरीजों पर बढ़ते आर्थिक बोझ और दवा मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था पर चिंता जताई थी.

विशेषज्ञों के अनुसार, कीमतों में कटौती के साथ दवाओं की उपलब्धता पर भी नजर रखना जरूरी होगा. बहुत कम मार्जिन होने पर कंपनियों द्वारा आपूर्ति घटाने या बंद करने की आशंका जताई गई है, जबकि अधिक मार्जिन मरीजों पर इलाज का बोझ बढ़ाता है.