कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतें 9 नवंबर से कम हो गई हैं. दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्म्यूलेशन की नई कीमतें जारी की हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 679 ब्रांड की दवाओं के दाम में 50% से अधिक की कमी की गई है. सबसे बड़ी कटौती 96.45% तक बताई गई है.

कीमतों में कमी से मरीजों और उनके परिवारों को हर साल करीब ₹3,540.38 करोड़ की बचत होने का अनुमान है. यह बदलाव 137 गैर-अनुसूचित यानी नॉन-शेड्यूल्ड कैंसर दवाओं पर लागू किया गया है.

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद कदम

22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं की रिटेलर कीमत (PTR) और अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) के बीच के अंतर पर सवाल उठाए थे. अदालत ने टिप्पणी की थी कि ₹2,700 की दवा मरीज को ₹27,000 में मिलना लूट और नरसंहार जैसा है.

इसके बाद 17 अक्टूबर को नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने इन 137 दवाओं पर कंपनियों का लाभ मार्जिन 30% तय किया. कीमतों में कमी की सिफारिश डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज के तहत गठित विशेषज्ञ समिति ने की थी. समिति में ऑन्कोलॉजिस्ट, चिकित्सा विशेषज्ञ, अस्पतालों के विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी शामिल थे.

नई कीमत की जांच और शिकायत

खरीदार दवा के पैकेट पर छपी संशोधित कीमत देख सकते हैं. नई कीमत की पुष्टि ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या NPPA की वेबसाइट से की जा सकती है. केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं वसूल सकती.

अधिक कीमत वसूले जाने पर ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज की जा सकती है. NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है.