केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रक्षा क्षेत्र से जुड़े कथित रिश्वत मामले में Munitions India Limited (MIL) के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों में निजी रक्षा कंपनी SMPP Ltd के CEO और निदेशक-प्रमोटर आशीष कंसल तथा अनिल कुमार के भाई बी. हर्षवर्धन शामिल हैं.
CBI के अनुसार, गिरफ्तारियां मंगलवार को की गईं. एजेंसी ने एक दिन पहले इस मामले में केस दर्ज किया था. जांच एजेंसी का आरोप है कि अनिल कुमार निजी ठेकेदारों और विक्रेताओं के साथ मिलकर आधिकारिक मदद देने और रक्षा उत्पादन, खरीद तथा कंपनी की अन्य रणनीतिक गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के बदले अवैध भुगतान मांग रहे थे.
तलाशी के दौरान पुणे के खड़की स्थित MIL कार्यकारी निदेशक के परिसर से ₹1.73 करोड़ बरामद किए गए. इसके अलावा मैसूरु, बेंगलुरु और दिल्ली स्थित परिसरों की तलाशी में करीब ₹50 लाख नकद और आपत्तिजनक दस्तावेज मिलने की बात CBI ने कही है. एजेंसी के मुताबिक, कुल नकद बरामदगी लगभग ₹2.23 करोड़ है.
FIR में आरोप लगाया गया है कि कंसल की कंपनी को MIL को एक साल की अवधि में गोला-बारूद की आपूर्ति के लिए करीब ₹500 करोड़ का आधिकारिक ठेका मिला था. CBI का दावा है कि इसी अनुबंध को लेकर कंसल और अनिल कुमार के बीच नियमित संपर्क था.
जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि कथित अवैध रकम का एक हिस्सा अनिल कुमार अपनी पत्नी, भाई और अन्य रिश्तेदारों के जरिए छिपा रहे थे. FIR के अनुसार, 12 अक्टूबर को कथित रिश्वत लेने के बाद उन्होंने अपने भाई को रकम छिपाने के लिए पुणे आने को कहा था.
मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 7, 8, 9 और 12 के तहत दर्ज किया गया है. CBI ने कहा है कि जांच जारी है. आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होनी बाकी है.
