केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2028 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा और विषयों का पैटर्न बताया है. इसके तहत विद्यार्थियों के लिए पांच विषयों की बोर्ड परीक्षा अनिवार्य होगी. इसके अलावा वे एक अतिरिक्त स्किल विषय चुन सकेंगे.

CBSE के अनुसार, अतिरिक्त स्किल विषय का परिणाम मैथ, साइंस या सोशल साइंस में असफल होने की स्थिति में विद्यार्थी को पास होने में मदद कर सकता है. यह बदलाव उन विद्यार्थियों पर लागू होगा, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 9वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं और 2028 में 10वीं की बोर्ड परीक्षा देंगे. मौजूदा 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों पर इसका असर नहीं होगा.

वोकेशनल एजुकेशन और स्किल विषय

2028 में 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए वोकेशनल एजुकेशन अनिवार्य होगा. विद्यार्थी कौशल विकास विषय या CBSE के 22 स्किल विषयों में से किसी एक का चयन कर सकेंगे. उनके पास स्कूल में आंतरिक मूल्यांकन देने या बोर्ड परीक्षा के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त स्किल सर्टिफिकेट हासिल करने का विकल्प होगा.

CBSE ने यह भी स्पष्ट किया है कि इंटरडिसिप्लिनरी एरिया तथा कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (CT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के मॉड्यूल इस स्टडी स्कीम में शामिल नहीं होंगे.

9वीं-10वीं में तीन भाषाओं की पढ़ाई

CBSE के सभी स्कूलों में 9वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए थ्री लैंग्वेज पॉलिसी अनिवार्य की गई है. तीन भाषाओं में से दो भारतीय भाषाएं होंगी. बोर्ड के अनुसार, 9वीं और 10वीं के लगभग 50 लाख विद्यार्थी इस व्यवस्था से प्रभावित होंगे.

इस साल 10वीं के विद्यार्थियों को तीसरी भाषा का पेपर नहीं देना होगा, हालांकि उसकी पढ़ाई जरूरी रहेगी. नई किताबें उपलब्ध होने तक 9वीं के विद्यार्थी तीसरी भाषा के लिए 6वीं कक्षा की किताबों का इस्तेमाल करेंगे. स्कूलों से स्थानीय और राज्यस्तरीय साहित्य, जैसे कविताएं और कहानियां, उपलब्ध कराने को भी कहा गया है.