केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 2027 कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए करीब 19 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है. पंजीकरण आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, अंग्रेजी के बाद केमिस्ट्री सबसे अधिक चुना गया विषय है. इसमें 10.8 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया, जो कुल उम्मीदवारों का लगभग 57 प्रतिशत है.

फिजिक्स के लिए करीब 10 लाख पंजीकरण हुए हैं, यानी 52.6 प्रतिशत उम्मीदवारों ने यह विषय चुना. मैथ्स में 8.3 लाख पंजीकरण हुए, जो कुल संख्या का 43.4 प्रतिशत है. अंग्रेजी 18.5 लाख पंजीकरण के साथ सबसे आगे है और 97 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों ने इसे चुना है.

कॉमर्स विषयों में इकोनॉमिक्स के लिए 5.8 लाख, बिजनेस स्टडीज के लिए 4.51 लाख और अकाउंटेंसी के लिए 4.5 लाख पंजीकरण दर्ज किए गए हैं. हालांकि कॉमर्स विषयों में भी छात्रों की संख्या बढ़ी है, लेकिन यह वृद्धि मुख्य विज्ञान विषयों की तुलना में धीमी रही.

2019 में केमिस्ट्री और फिजिक्स में लगभग 6.4-6.4 लाख, मैथ्स में 5.3 लाख और इकोनॉमिक्स में 4.3 लाख उम्मीदवार थे. बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में करीब 3.4-3.4 लाख पंजीकरण हुए थे. इस आधार पर 2019 से 2027 के बीच केमिस्ट्री में लगभग 70 प्रतिशत, फिजिक्स में करीब 58 प्रतिशत और मैथ्स में 55 प्रतिशत वृद्धि हुई. बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में यह वृद्धि लगभग 32 प्रतिशत रही.

केमिस्ट्री और बिजनेस स्टडीज के बीच का अंतर 2019 के 2.9 लाख से बढ़कर 2027 में 6.3 लाख हो गया है. इसी तरह फिजिक्स और अकाउंटेंसी के बीच अंतर 2.9 लाख से बढ़कर 5.5 लाख पहुंच गया.

सीबीएसई कक्षा 12 के कुल पंजीकरण 2022 के 14.5 लाख से बढ़कर 2026 में 18.6 लाख हो गए. 2027 के आंकड़े अभी अस्थायी हैं और बोर्ड के अनुसार इनमें मामूली बदलाव संभव है.