सुप्रीम कोर्ट ने CBSE से कक्षा 6 के लिए अनिवार्य तीन-भाषा नीति को जनवरी 2027 तक टालने के प्रस्ताव पर विचार करने को कहा है. सुनवाई के दौरान बोर्ड ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार कर ताजा नोट पेश करने पर सहमति जताई. हालांकि, अदालत ने अभी नीति को स्थगित करने का अंतिम आदेश नहीं दिया है.
यह मामला CBSE स्कूलों में तीन-भाषा फॉर्मूले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने छात्रों और परिवारों को तैयारी के लिए ‘ब्रीदिंग स्पेस’ देने की जरूरत पर चर्चा की.
पीठ ने कहा कि जो छात्र इसी वर्ष तीन भाषाएं पढ़ना चाहते हैं, उन्हें इसकी अनुमति दी जा सकती है. अदालत के सुझाव के अनुसार, तीसरी भाषा को फिलहाल वैकल्पिक रखा जा सकता है और अनिवार्य व्यवस्था जनवरी 2027 से शुरू करने पर विचार हो सकता है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि ये टिप्पणियां पक्षकारों के अधिकारों और दलीलों को प्रभावित नहीं करेंगी.
नीति में क्या प्रावधान है
मौजूदा नीति के अनुसार, कक्षा 6 के छात्रों को दो भारतीय भाषाएं पढ़नी होंगी. CBSE के परिपत्र के तहत कक्षा 9 के छात्रों को 1 जुलाई 2026 से तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें कम-से-कम दो भारतीय भाषाएं शामिल होंगी. विदेशी भाषा को दो भारतीय भाषाओं के बाद तीसरी भाषा या अतिरिक्त चौथी भाषा के रूप में चुना जा सकता है.
यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुरूप बताई गई है. सुनवाई में स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षकों की उपलब्धता, प्रशासनिक तैयारियों और ‘भारतीय/देशज भाषाओं’ की परिभाषा से जुड़ी चिंताओं पर भी चर्चा हुई.
CBSE की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि मुद्दे की समीक्षा के लिए समिति बनाई गई है. अदालत ने पूछा कि जब समिति पहले से विचार कर रही है, तो कक्षा 6 में क्रियान्वयन को चरणबद्ध क्यों नहीं किया जा सकता. अब बोर्ड को इस पहलू पर पुनर्विचार कर ताजा स्थिति बतानी होगी.
