पश्चिम एशिया में तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने प्रभावित 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला किया है. यह परीक्षा उन विषयों में होगी, जिनकी 2026 की मुख्य बोर्ड परीक्षा क्षेत्रीय परिस्थितियों के कारण आयोजित नहीं हो सकी थी.

CBSE के 15 सितंबर 2026 के नोटिफिकेशन के अनुसार, विशेष परीक्षा 40 विषयों के लिए होगी. इनमें 20 अकादमिक और 20 स्किल विषय शामिल हैं. बोर्ड ने इससे पहले 27 मार्च 2026 को असेसमेंट स्कीम जारी की थी. इसी स्कीम के आधार पर पश्चिम एशिया के नियमित छात्रों का परिणाम 13 मई 2026 को घोषित किया गया था. प्राइवेट परीक्षार्थियों का परिणाम भी इसी व्यवस्था के तहत जारी हुआ था.

किन छात्रों को मिलेगा मौका

पश्चिम एशिया के CBSE से मान्यता प्राप्त स्कूलों के वे नियमित छात्र परीक्षा दे सकेंगे, जिनका नाम मुख्य परीक्षा 2026 के लिए Candidate List यानी LOC में शामिल था और जिनका परिणाम असेसमेंट स्कीम के तहत जारी हुआ है. छात्र अपनी पसंद के उन विषयों में शामिल हो सकेंगे, जिनकी परीक्षा पहले नहीं हुई थी.

प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए भी यही शर्त लागू होगी. वे छात्र पात्र होंगे, जिन्होंने मुख्य परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा फॉर्म भरा था और जिनका परिणाम असेसमेंट स्कीम के तहत घोषित किया गया था.

विशेष परीक्षा में प्राप्त अंक ही अंतिम परिणाम माने जाएंगे. ये अंक पहले जारी किए गए असेसमेंट अंकों को बदल देंगे. नियमित छात्रों को अपना LOC और प्राइवेट परीक्षार्थियों को परीक्षा फॉर्म तय समय सीमा में व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा.

आवेदन की तारीख और परीक्षा केंद्र

LOC और परीक्षा फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया 22 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक चलेगी. CBSE ने इस विशेष परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लेने की बात कही है. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की तारीख और डेटशीट जारी की जाएगी. परीक्षा केंद्रों में बदलाव नहीं किया जाएगा.

परीक्षा बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित होगी. किसी अन्य देश में इसका आयोजन नहीं किया जाएगा.

मुख्य परीक्षा 2026 में किसी कारण से अनुपस्थित रहे छात्र इस विशेष परीक्षा के पात्र नहीं होंगे. नए नियमित या प्राइवेट छात्रों को भी इसमें शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा. विषय बदलने की अनुमति नहीं होगी और जिन विषयों की परीक्षा पहले हो चुकी है, उन्हें दोबारा नहीं कराया जाएगा. परिणाम जारी होने के बाद उत्तरपुस्तिका की पुनःजांच या अन्य परिणाम-संबंधी सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. CBSE ने आवेदन की अंतिम तारीख में विस्तार नहीं किए जाने की बात कही है.