नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका ने उनके लिए 2023 के कानून में मौजूद कानूनी सुरक्षा पर सवाल उठाया है. याचिका में दावा किया गया है कि यह सुरक्षा उन कथित कृत्यों पर लागू नहीं हो सकती, जिन्हें आधिकारिक दायित्वों के दायरे से बाहर बताया जा रहा है.

याचिका में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े फैसलों, दिशानिर्देशों और चुनावी सॉफ्टवेयर में कथित बदलावों की जांच की मांग की गई है. याचिकाकर्ता का आरोप है कि इनमें से कुछ कदम अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति या बहुमत की राय के बिना उठाए गए. साथ ही, पुराने Form 6 को बहाल करने और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामले में SIT जांच की मांग भी की गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चुनाव आयोग ने कहा है कि SIR से जुड़े फैसले CEC और दोनों चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से लिए. दूसरी ओर, कुछ रिपोर्ट्स में चुनाव आयुक्तों एस.एस. संधू और विवेक जोशी की ओर से कई मौकों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने का उल्लेख है.

यह मामला उस 2023 के कानून से भी जुड़ा है, जिसकी वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 23 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में विभाजित फैसला आया और आगे की सुनवाई के लिए मामला बड़े पीठ के समक्ष भेजे जाने का रास्ता खुला. याचिका में लगाए गए आरोपों पर अदालत का अंतिम निर्णय अभी बाकी है.