केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली से पहले राहत देते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इसके बाद DA और DR मूल वेतन या पेंशन के 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएंगे.

यह संशोधन 1 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा. सरकार के फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.71 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे. बढ़ोतरी से केंद्र के खजाने पर सालाना लगभग ₹10,016 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा.

DA कर्मचारियों के मूल वेतन पर आधारित होता है, जबकि DR पेंशनभोगियों की मूल पेंशन पर लागू होता है. इसलिए वास्तविक मासिक वृद्धि हर कर्मचारी और पेंशनभोगी के मूल वेतन या पेंशन के अनुसार अलग-अलग होगी.

7वें केंद्रीय वेतन आयोग के वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए यह दर 63 प्रतिशत होगी. 6वें वेतन आयोग के वेतनमान के तहत DA और DR को 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत किया गया है, जबकि 5वें वेतन आयोग के तहत दर 483 प्रतिशत से बढ़कर 497 प्रतिशत हो गई है.