CAG की 2023-24 की टिप्पणियों के बाद मध्य रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अपने नेटवर्क में जलापूर्ति, फिल्ट्रेशन, जांच और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की कार्ययोजना शुरू की है. रेलवे नेटवर्क में करीब 20 हजार स्थानों पर नई फिल्ट्रेशन व्यवस्था लगाने की योजना है. इसमें वॉटर कूलर और पानी की गुणवत्ता पर नजर रखने वाली प्रणालियां शामिल होंगी.

यह व्यवस्था स्टेशनों, कोचिंग डिपो और यात्रियों से जुड़े अन्य स्थानों पर लागू की जा रही है. पुरानी और जर्जर पानी की टंकियों की पहचान कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से बदलने की तैयारी है. पानी के स्रोत और नल के स्थानों पर नियमित गुणवत्ता जांच, केंद्रीकृत निगरानी, जिम्मेदारी तय करने तथा टंकियों की नियोजित सफाई और रखरखाव पर जोर दिया जा रहा है.

चार स्टेशनों के नमूनों की जांच

CAG की टिप्पणियों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), भिवंडी रोड, कल्याण और लोनावला से 2023-24 के दौरान लिए गए पेयजल नमूनों का उल्लेख था. इसके बाद विशेष अभियान के तहत इन चारों स्टेशनों के पानी की भौतिक, रासायनिक और सूक्ष्मजीव संबंधी जांच की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार सभी नमूने संतोषजनक पाए गए और उनमें ई-कोलाई या अन्य वायरस नहीं मिले.

मध्य रेलवे के अनुसार, इन चारों स्टेशनों पर यात्रियों को वर्तमान में दिया जा रहा पानी जांच में सुरक्षित और पीने योग्य पाया गया है. इन स्टेशनों पर पाइपलाइनों में रिसाव की जांच, वेंट और ओवरफ्लो प्रणाली पर जालीदार ढक्कन लगाने, वॉटर कूलर की सफाई और गंदगी हटाने जैसे कदम उठाए गए हैं. रिसाव वाले नल बदले गए हैं और जरूरत वाले स्थानों पर नए नल लगाए गए हैं. नियमित जांच के लिए संबंधित इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स कार्यालयों में ई-कोलाई टेस्ट किट भी उपलब्ध कराई गई हैं. रेलवे बोर्ड इस कार्ययोजना की निगरानी कर रहा है और प्रगति तथा पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट समय-समय पर जारी करने की बात कही गई है.