मध्य रेलवे ने भारी बारिश के दौरान मिट्टी कटाव और ढलान खिसकने की घटनाओं को कम करने के लिए घाट सेक्शनों में वेटिवर घास लगाने की योजना बनाई है. रेलवे के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य ट्रैक पर बोल्डर और मलबा गिरने की घटनाएं घटाना और मानसून में ट्रेन परिचालन को सुरक्षित व समयबद्ध बनाए रखना है.

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि करजत-लोणावला के बीच भोर घाट और कसारा-इगतपुरी के बीच थाल घाट मानसून में मिट्टी कटाव, सतही जल बहाव, बोल्डर गिरने और उथले भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील हैं. रेलवे इन क्षेत्रों में वेटिवर घास, जिसे वैज्ञानिक रूप से Chrysopogon zizanioides कहा जाता है, के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की संभावनाएं तलाश रहा है.

ढलानों को मजबूत करने में कैसे मदद करेगी घास

रेलवे के अनुसार, वेटिवर घास की जड़ें मुख्य रूप से लंबवत दिशा में बढ़ती हैं और 12 से 24 महीनों में 3 से 4 मीटर तक पहुंच सकती हैं. इसकी घनी रेशेदार जड़ें मिट्टी को बांधने में मदद करती हैं. अधिकारियों के मुताबिक, इससे मिट्टी की shear resistance यानी कतरनी प्रतिरोध क्षमता लगभग 30 से 40% तक बढ़ सकती है और उथले ढलान विफल होने का जोखिम कम हो सकता है.

घाट क्षेत्रों में वेटिवर की हेज यानी कतारें कटिंग वाली ढलानों और तटबंधों पर contour lines के साथ लगाने की योजना है. पौधों की ऊपरी घनी परत सतही पानी के बहाव को धीमा करने, गहरी नालियां बनने से रोकने और मिट्टी में पानी के समावेशन को बढ़ाने में मदद कर सकती है. बहकर आई मिट्टी पौधों के बीच जमा होकर समय के साथ प्राकृतिक सीढ़ीनुमा संरचना बनाने में भी योगदान दे सकती है.

कुछ हिस्सों में पायलट प्लांटेशन पहले ही हुआ

मध्य रेलवे के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में तटबंधों की सुरक्षा के लिए वेटिवर घास का पायलट प्लांटेशन किया जा चुका है. खंडाला-मंकी हिल सेक्शन में यह काम 1,050 वर्ग मीटर तक के क्षेत्र में किया गया. इसके अलावा ठाकुरवाड़ी केबिन-पलासधरी सेक्शन में प्लांटेशन का क्षेत्रफल 4,250 वर्ग मीटर रहा.

रेलवे का कहना है कि यह प्रकृति-आधारित उपाय मिट्टी कटाव और ढलान अस्थिरता को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है. इससे ट्रैक पर मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं कम होने, मानसून में ट्रेन संचालन सुरक्षित रखने और पारंपरिक सुरक्षा कार्यों पर होने वाले रखरखाव खर्च को घटाने की उम्मीद है. हालांकि, वेटिवर प्लांटेशन को घाट सेक्शनों में ढलान सुरक्षा के व्यापक उपायों के एक हिस्से के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा.