उत्तराखंड के चमोली जिले में 10,000 रुपये के बकाये को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है.
अधिकारियों के अनुसार, सुनील और सुमित पिछले 15-20 दिनों से साथ मिलकर रेत और बजरी ढोने का काम कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि सुनील पर सुमित के 10,000 रुपये बकाया थे और इसी भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ.
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद सुनील सेमी गांव स्थित सुमित के ठिकाने पर पहुंचा. वहां कहासुनी के दौरान, जब सुमित ने पुलिस चौकी चलने की बात कही, तो आरोपी ने कथित रूप से उसके सिर पर बांस की लाठी से वार कर दिया.
गंभीर रूप से घायल सुमित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने सुनील को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार किया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
