चंडीगढ़ में इस साल दिवाली के दौरान वायु गुणवत्ता पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रही. चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) के अनुसार, 8 नवंबर को रात 8 से 10 बजे तक पटाखे चलाने की निर्धारित अवधि शुरू होने से पहले शहर की हवा संतोषजनक श्रेणी में थी.
दो घंटे की अवधि में सभी छह निगरानी केंद्रों पर AQI बढ़ा, लेकिन यह बढ़ोतरी सीमित समय के लिए रही. सेक्टर 25 में सबसे अधिक AQI 326 दर्ज हुआ. इसके बाद PEC सेक्टर 12 में 312, IMTECH सेक्टर 39 में 310 और सेक्टर 53 में 304 AQI रहा. इन केंद्रों पर स्थिति ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची, जबकि सेक्टर 17 और सेक्टर 22 में AQI क्रमशः 170 और 158 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी है.
किसी भी निगरानी केंद्र पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में नहीं पहुंची. CPCC के मुताबिक, 9 नवंबर सुबह 3 बजे तक हवा फिर संतोषजनक श्रेणी में लौट आई. समिति ने इसका श्रेय तय दो घंटे की अवधि का पालन, पर्यावरण जागरूकता और अनुकूल मौसम को दिया.
हालांकि, ध्वनि प्रदूषण चिंता का विषय बना रहा. IMTECH-39 में 8 से 10 बजे के बीच सबसे अधिक शोर 83.9 डेसिबल दर्ज हुआ.
