चंडीगढ़ भारत का ऐसा शहर बनकर उभरा है जहां औसत परिवार घरेलू जरूरतों पर सबसे ज्यादा खर्च करता है. PRICE और Tata Sons की ‘The Many Urban Indias’ रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ में एक औसत परिवार का सालाना खर्च करीब ₹19 लाख है. यह आंकड़ा प्रति-परिवार खपत का है, पूरे शहर के कुल खर्च का नहीं.
रिपोर्ट में देश के 100 प्रमुख शहरों में परिवारों की आय, खर्च, बचत और कर्ज का अध्ययन किया गया है. चंडीगढ़ को ‘Frontier city’ श्रेणी में रखा गया है. यह श्रेणी 5 लाख से 15 लाख आबादी वाले शहरों के लिए इस्तेमाल की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ ऊंची बचत और कम कर्ज वाले शहरों में भी शामिल है.
आय में चंडीगढ़ और बेंगलुरु बराबर
औसत घरेलू आय के मामले में चंडीगढ़ और बेंगलुरु संयुक्त रूप से सबसे आगे हैं. दोनों शहरों में एक औसत परिवार की सालाना आय ₹28 लाख बताई गई है. हालांकि, अधिक औसत आय का अर्थ यह नहीं है कि शहर में औसत घरेलू खर्च भी सबसे ज्यादा हो. रिपोर्ट में बेंगलुरु की तुलना में चंडीगढ़ और तिरुवनंतपुरम की औसत घरेलू खपत अधिक बताई गई है. सूरत का औसत घरेलू खर्च भी बेंगलुरु से ज्यादा बताया गया है.
कुल उपभोग बाजार में दिल्ली-NCR आगे
प्रति-परिवार खर्च में चंडीगढ़ के आगे रहने के बावजूद, कुल उपभोग बाजार के आकार में दिल्ली-NCR देश में सबसे आगे है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR का कुल उपभोग बाजार 126 अरब डॉलर का है. इसका प्रमुख कारण क्षेत्र में परिवारों की बड़ी संख्या और ऊंचा औसत खर्च है. दिल्ली-NCR में करीब 75 लाख परिवार हैं, जबकि मुंबई में यह संख्या लगभग 46 लाख बताई गई है. दिल्ली-NCR में औसत सालाना घरेलू खपत करीब ₹15 लाख है.
दिल्ली-NCR के परिवार परिवहन पर सालाना 33 अरब डॉलर से अधिक खर्च करते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, यह राशि पुणे या अहमदाबाद के पूरे उपभोग बाजार से भी बड़ी है. क्षेत्र में डेयरी पर सालाना खर्च करीब 10 अरब डॉलर आंका गया है.
रिपोर्ट में मुंबई को 100 शहरों के समूह में उच्च-आय वाले परिवारों की हिस्सेदारी के मामले में सबसे आगे बताया गया है. ₹36 लाख से अधिक सालाना आय वाले परिवारों की हिस्सेदारी 2025-26 की कीमतों पर बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई है, जो एक दशक पहले 3 प्रतिशत थी.
