चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में रायपुर के कारोबारी दीपक कुमार मित्तल (56) मृत मिले. वह मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ गए थे. बुधवार सुबह होटल के कमरे में बेसुध मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे होटल का एक वेटर कमरे में पहुंचा. दरवाजा खुला हुआ था और दीपक बेड पर बेसुध पड़े थे. वेटर ने होटल मैनेजर को सूचना दी, जिसके बाद होटल कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सेक्टर-17 थाने के SHO सुदेश कुमार के मुताबिक, दीपक करीब दो दिन पहले होटल में ठहरे थे. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिली हैं. अधिक शराब पीने या नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
पुलिस के अनुसार, दीपक के कमरे में रात के समय एक युवती भी आई थी. उससे पूछताछ की जा रही है. उपलब्ध जानकारी में युवती की पहचान या घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है.
रायपुर में चावल कारोबार से जुड़े थे
दीपक कुमार मित्तल रायपुर स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे. कंपनी उसना और कच्चे चावल, बासमती चावल, फोर्टिफाइड चावल, दाल और चावल से जुड़े अन्य उत्पादों का कारोबार करती है. कंपनी के रजिस्टर्ड ऑफिस का पता रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में बताया गया है, जबकि फैक्ट्री आमासिवनी में है.
परिवार को बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनकी मौत की सूचना दी गई. परिवार ने फिलहाल इस मामले में बात करने से इनकार किया है. होटल प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि होटल परिवार की मदद कर रहा है और जांच में अधिकारियों का सहयोग करेगा.
