अमरावती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में चक्रवात के खतरे को देखते हुए सोमवार, 2 नवंबर का अपना दिल्ली दौरा रद्द कर दिया है. उन्होंने रविवार को अधिकारियों के साथ चक्रवात से निपटने की तैयारियों और पिछले चक्रवात से जारी राहत एवं बहाली कार्यों की समीक्षा की.
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम और मजबूत हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 1 नवंबर को चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ में बदल गया और 2 नवंबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.
मौसम विभाग ने दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर इसके बढ़ने का अनुमान जताया है. विभाग के तटीय बुलेटिन के मुताबिक, तूफान 2 नवंबर की देर रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार कर सकता है. इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है.
नायडू ने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने, राहत-बचाव दलों को तैयार रखने और संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों में प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
