आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस से समाधान बताने को कहा है. उन्होंने प्रस्तावित बदलावों का समर्थन करते हुए कहा कि लोकसभा की कुल सीटें बढ़ाने से दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी पर असर डाले बिना महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण दिया जा सकता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नायडू ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में लगभग 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का सुझाव रखा. उनका तर्क है कि यदि सीटों की संख्या बढ़ाए बिना महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित की गईं, तो मौजूदा पुरुष सांसदों की सीटों में कमी आ सकती है. अतिरिक्त सीटें जोड़ने से यह समस्या दूर हो सकती है.

नायडू ने कहा कि दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घटने की आशंका को सीटों के विस्तार के जरिए संबोधित किया जा सकता है. उनके अनुसार, पांच दक्षिणी राज्यों की संयुक्त लोकसभा सीटें 129 से बढ़कर 195 हो सकती हैं, जबकि कुल प्रतिनिधित्व में उनकी हिस्सेदारी लगभग 23.76 प्रतिशत पर बनी रह सकती है.

परिसीमन और महिला आरक्षण को जोड़ने के मुद्दे पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई है. विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से अलग लागू किया जाना चाहिए.