आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ₹500, ₹1,000 और ₹2,000 के नोटों को बंद करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि चलन में केवल ₹100 और ₹200 के नोट रहने चाहिए.
नायडू के अनुसार, उच्च मूल्य के नोटों का उपयोग कम करने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है. उन्होंने कहा कि डिजिटल करेंसी के विषय पर वह पहले भी एक रिपोर्ट तैयार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंप चुके हैं और इस मुद्दे को फिर उठाएंगे.
₹2,000 के नोटों को लेकर रिजर्व बैंक ने 19 मई 2023 को उन्हें प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी. हालांकि, ये नोट कानूनी मुद्रा बने हुए हैं और इनसे लेन-देन किया जा सकता है.
नायडू की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब डिजिटल भुगतान के विस्तार और नकदी के इस्तेमाल को लेकर सार्वजनिक बहस जारी है. बड़े नोटों को बंद करने का कोई नया सरकारी निर्णय घोषित नहीं किया गया है.
