आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों का समर्थन किया है. नई दिल्ली में एनडीए सहयोगी दलों की बैठक के बाद उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इन विधेयकों का समर्थन करने की अपील की.
नायडू ने कहा कि दक्षिणी राज्यों ने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण में पहले पहल की है. ऐसे में केवल आबादी के आधार पर लोकसभा सीटों का पुनर्निर्धारण होने पर इन राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ने की आशंका है.
इस चिंता के समाधान के तौर पर नायडू ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का सुझाव दिया. उनके अनुसार, इससे दक्षिणी राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रह सकती है और बढ़ती आबादी के अनुरूप प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया जा सकेगा.
उन्होंने परिसीमन को लंबे समय से लंबित और महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया तथा कहा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों को व्यापक सहमति बनानी चाहिए. नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र के फैसलों के प्रति समर्थन भी जताया.
