महाराष्ट्र के चंद्रपुर स्थित चंद्रपुर सुपर थर्मल पावर स्टेशन (CSTPS) परिसर से कथित कॉपर केबल चोरी के मामले में दुर्गापुर पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें Maharashtra Security Force (MSF) से जुड़े तीन जवान भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से करीब छह क्विंटल कॉपर वायर बरामद किया गया है.

पुलिस के अनुसार, बरामद कॉपर वायर की कीमत लगभग 7.20 लाख रुपये है. इसके अलावा चोरी का माल ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को भी जब्त किया गया है. ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है. इस तरह जब्त किए गए कॉपर वायर और ट्रक की कुल अनुमानित कीमत 22.20 लाख रुपये है.

गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई

कॉपर वायर चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. पुलिस के मुताबिक, उसे गुप्त सूचना मिली थी कि प्लांट परिसर से कुछ लोग कॉपर वायर चोरी कर रहे हैं और इसमें MSF के कुछ जवानों की कथित भूमिका है. इसके बाद तड़के कार्रवाई कर 10 लोगों को हिरासत में लिया गया.

इस मामले में सहदेव नारनवरे की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित चोरी कितने समय से चल रही थी और चोरी किया गया कॉपर कहां भेजा जाता था. इससे पहले भी प्लांट से इसी तरह की चोरी हुई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.

दुर्गापुर के पुलिस निरीक्षक संतोष शेंगावकर के मुताबिक, MSF के अन्य जवानों की भूमिका की भी जांच हो रही है. फिलहाल पुलिस कथित चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी.