कांकेर जिले की चारामा तहसील के चौवड़ी गांव में 3 नवंबर को 150 किसानों को 6 हजार चूजे वितरित किए गए. वितरण कार्यक्रम सहभागी प्रशिक्षण केंद्र, चावड़ी में ‘हमर गांव हमर रोजगार’ परियोजना के तहत आयोजित किया गया.

समाजसेवी संस्था की इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को मुर्गीपालन से जोड़कर अतिरिक्त आय और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है. परियोजना के तहत किसानों को मुर्गीपालन से संबंधित मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता भी दी जा रही है.

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को चूजों की देखभाल, संतुलित आहार, साफ-सफाई और टीकाकरण से जुड़ी जानकारी दी गई. आयोजकों ने किसानों को मुर्गीपालन को आजीविका के साधन के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया.

कार्यक्रम में संस्था की प्रमुख और अध्यक्ष कलावती कश्यप, सचिव मुक्ता यादव, टीम लीडर निखिल साहू, फील्ड कोऑर्डिनेटर फनेश्वर गोती और बीमा गोडरा मौजूद रहे. मास्टर ट्रेनर नंदिता सोनवानी, दीपिका मसीह, सीआरपी और बड़ी संख्या में किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

संस्था के अनुसार, परियोजना के जरिए स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों की आय में सहयोग देने और ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.