जम्मू-कश्मीर का चिनाब रेल ब्रिज जल्द ही एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. भारतीय रेलवे पुल को करीब से देखने के लिए व्यूइंग प्लेटफॉर्म तैयार कर रहा है. सुविधा का काम जल्द पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद आगंतुक यहां से पुल और चिनाब नदी का विहंगम दृश्य देख सकेंगे.

लगभग 1,300 मीटर लंबा यह स्टील आर्च ब्रिज नदी तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर बना है. इसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बताया जाता है और इसकी ऊंचाई एफिल टावर से भी अधिक है. पुल का उद्घाटन जून 2025 में हुआ था.

रेलवे पुल के पास एक इंजीनियरिंग म्यूजियम भी विकसित कर रहा है. यहां पुल के निर्माण के अलग-अलग चरणों और कठिन हिमालयी परिस्थितियों में आई चुनौतियों को प्रदर्शित किया जाएगा.

चिनाब ब्रिज 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक का हिस्सा है. इस रेल संपर्क से कश्मीर को हर मौसम में रेल सुविधा मिली है. कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन से यात्रा का समय तीन घंटे से कम बताया गया है. इस रेल मार्ग में 36 सुरंगें और 900 से अधिक पुल हैं.

रेलवे के अनुसार, प्रस्तावित प्लेटफॉर्म यात्रियों को ट्रेन की खिड़की से पुल देखने के बजाय इस इंजीनियरिंग संरचना को करीब से समझने का अवसर देंगे.