देशभर में महापर्व छठ पूजा का तीसरा दिन मनाया जा रहा है. रविवार शाम श्रद्धालु जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं. छठ की परंपरा के अनुसार अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा.
दिल्ली में छठ पूजा के लिए करीब 1,400 घाटों पर तैयारियां की गई हैं. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यमुना घाटों के आसपास के मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है. यह रूट डायवर्जन रविवार दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर की सुबह 8 बजे तक लागू रहेगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार, छठ पर्व के लिए देश-विदेश से 50 लाख से अधिक लोग अपने घर लौटे हैं. दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर को अवकाश घोषित किया है. उत्तर प्रदेश में भी 15 और 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी.
उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी श्रद्धालु यमुना किनारे एकत्र हुए और पूजा-अर्चना कर छठ की रस्में निभाईं.
