छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में पति की तलाक अपील खारिज कर दी. अदालत ने कहा कि पत्नी का पति को ‘काला और मोटा’ कहना, अपने आप में तलाक देने के लिए पर्याप्त आधार नहीं है. केवल आरोप लगाने से मानसिक क्रूरता साबित नहीं होती; इसके लिए विश्वसनीय साक्ष्य जरूरी हैं.

यह मामला अकाश घोष बनाम पूजा सीत से जुड़ा है. जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने सुनवाई की. रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों की शादी 7 मार्च 2019 को हुई थी और पत्नी शादी के बाद करीब दो-तीन महीने ही ससुराल में रही. पति ने पत्नी पर ताने मारने, बिना बताए मायके जाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे.

पत्नी ने इन आरोपों से इनकार करते हुए पति पर दूसरी महिला से संबंध, शराब पीकर मारपीट और गर्भावस्था के दौरान देखभाल न करने के आरोप लगाए. हाईकोर्ट ने कहा कि पति क्रूरता या परित्याग के आरोप साबित नहीं कर सके. अदालत ने 28 अगस्त 2024 के जांजगीर फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा और अपील खारिज कर दी.