छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके आबकारी विभाग के एक हेड कांस्टेबल को उनके गृह जिले बिलासपुर में पदस्थ करने का निर्देश दिया है. अदालत ने माना कि सेवानिवृत्ति से एक वर्ष पहले कर्मचारी को उसकी पसंद या गृह जिले में पोस्टिंग का लाभ दिया जाता रहा है.
मामला रायगढ़ में तैनात हेड कांस्टेबल नेल्सन लवेट की याचिका से जुड़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, लवेट जुलाई 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं. उन्होंने गृह जिले बिलासपुर में पदस्थापना के लिए कई बार अधिकारियों को अभ्यावेदन दिया था.
लवेट की नियुक्ति 19 अप्रैल 1993 को आबकारी विभाग में अस्थायी सेल्समैन के रूप में हुई थी. बाद में उन्हें आबकारी कांस्टेबल के पद पर नियमित किया गया. वर्ष 2014 में उनका तबादला कोरबा से बिलासपुर और 24 जून 2022 को बिलासपुर से रायगढ़ किया गया. अगस्त 2023 में उन्हें हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति मिली.
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने दलील दी कि संबंधित नीति का लाभ आबकारी विभाग के कर्मचारी को नहीं दिया जा सकता. जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने यह तर्क खारिज करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति से एक वर्ष पहले पसंद या गृह जिले में पदस्थापना का लाभ दिया गया है. अदालत ने इसी आधार पर लवेट को राहत दी.
