विदेश मंत्रालय ने बच्चों के पासपोर्ट की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी 36 पेज वाला सामान्य पासपोर्ट अब जारी होने की तारीख से पांच साल तक वैध रहेगा.

हालांकि, अगर बच्चा पांच साल पूरे होने से पहले 18 वर्ष का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैधता उसी समय समाप्त हो जाएगी. इस तरह वैधता की अंतिम सीमा पांच साल या 18 वर्ष की उम्र में से जो पहले आएगी, वही होगी.

राजपत्र में प्रकाशित हुए संशोधित नियम

विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियम संशोधन नियम, 2026 को 17 सितंबर को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया. इन नियमों के जरिए 1980 के पासपोर्ट नियमों में बदलाव किया गया है.

नियमों में पासपोर्ट सेवाओं से जुड़ी नई शुल्क व्यवस्था का भी उल्लेख है. इसमें सामान्य आवेदन के अलावा तत्काल सेवा, पासपोर्ट नवीनीकरण, खोए या खराब पासपोर्ट को बदलने और पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जैसी सेवाएं शामिल हैं.

नए आवेदन पर छूट जारी

आठ साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट जारी रहेगी. यह छूट पासपोर्ट के दोबारा जारी करने यानी री-इश्यू आवेदन पर लागू नहीं होगी.

सरकार ने यह भी दोहराया है कि पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण नहीं, बल्कि विदेश यात्रा के लिए जारी किया जाने वाला दस्तावेज है.