बच्चों के डिजिटल मीडिया इस्तेमाल को लेकर राष्ट्रीय नीति बनाने की मांग की गई है. ‘सेंटर फॉर लीगल एक्शन एंड बिहेवियर चेंज’ की रिपोर्ट में स्कूलों में स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर स्पष्ट रोक और उम्र के आधार पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पहुंच सीमित करने की सिफारिश की गई है.

‘प्रिवेंशन बाय डिजाइन: फ्रॉम वॉलंटरी सेल्फ-रेगुलेशन टू अ स्टेट ड्यूटी ऑफ केयर’ नाम की रिपोर्ट न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से जुड़े एक कार्यक्रम में जारी की गई. कार्यक्रम का विषय ‘रिस्पॉन्सिबल AI एंड सेफ डिजिटल स्पेसेज फॉर चिल्ड्रन’ था. इसका आयोजन एथेना इन्फोनॉमिक्स और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन ने किया था.

रिपोर्ट के अनुसार, 40 से ज्यादा देशों में उम्र आधारित डिजिटल मीडिया प्रतिबंधों और 110 देशों में स्कूलों की स्मार्टफोन नीतियों का अध्ययन किया गया. अध्ययन में बताया गया है कि 52 देशों में स्कूलों में स्मार्टफोन पर राष्ट्रीय कानून के तहत रोक है, जबकि 31 देशों ने इस संबंध में राष्ट्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं. केवल नौ देशों में फैसला अलग-अलग स्कूलों पर छोड़ा गया है.

रिपोर्ट ने प्राथमिक और निचली माध्यमिक शिक्षा के दौरान पूरे स्कूल समय में छात्रों के स्मार्टफोन इस्तेमाल पर रोक का समर्थन किया है. इसमें कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा प्लेटफॉर्म की स्वैच्छिक निगरानी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि राज्य की बाध्यकारी कानूनी जिम्मेदारी होनी चाहिए.

सोशल मीडिया अकाउंट के लिए उम्र सीमा का सुझाव

रिपोर्ट के पांच स्तंभों वाले ढांचे में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक की सिफारिश की गई है. 15 से 16 साल के बच्चों को सत्यापित अभिभावकीय सहमति और निगरानी के साथ सोशल मीडिया इस्तेमाल की अनुमति देने का सुझाव है. रिपोर्ट में इस व्यवस्था की जिम्मेदारी बच्चे या माता-पिता के बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डालने की बात कही गई है.

रिपोर्ट में नाबालिगों की प्रोफाइल बनाकर लक्षित विज्ञापन दिखाने और लगातार स्क्रॉलिंग जैसे इस्तेमाल बढ़ाने वाले डिजाइन पर रोक की सिफारिश भी की गई है. उम्र सत्यापन के लिए ऐसी डिजिटल पहचान व्यवस्था का प्रस्ताव है, जिसमें प्लेटफॉर्म को केवल उम्र की जानकारी मिले और व्यक्तिगत डेटा के संग्रह पर सख्त सीमाएं हों.

इसके अलावा, स्वतंत्र ऑनलाइन सुरक्षा नियामक बनाने, उल्लंघनों की अनिवार्य रिपोर्टिंग और गंभीर या लगातार उल्लंघनों पर आर्थिक जुर्माने का सुझाव दिया गया है. रिपोर्ट में नीति निर्माण में बच्चों की भागीदारी, डिजिटल साक्षरता और माता-पिता के मार्गदर्शन पर भी जोर दिया गया है.

JRC के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि डिजिटल नुकसान की गति बढ़ी है, जबकि उसे रोकने वाली व्यवस्थाएं उसी गति से विकसित नहीं हुई हैं. उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रिपोर्टिंग और अंतरराष्ट्रीय कानूनी ढांचे की जरूरत बताई.