पंजाब के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में पिछले सप्ताह हुए छात्र विरोध और हिंसा के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों पर सोशल मीडिया समूहों में भ्रामक संदेश फैलाकर छात्रों को उकसाने का आरोप है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंगल निवासी हिमांशु और अंबाला निवासी आर्यन के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि दोनों यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र हैं. यह विरोध 25 सितंबर की रात शुरू हुआ और 26 सितंबर तक जारी रहा.
पुलिस के मुताबिक, परिसर में छात्राओं के लापता होने और अन्य घटनाओं से जुड़े अपुष्ट संदेश सोशल मीडिया पर फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध के लिए जुटे थे. जांच के दौरान छात्रों और अन्य कथित उपद्रवियों की सोशल मीडिया गतिविधियों तथा प्रसारित संदेशों की भी पड़ताल की गई.
बनूर थाने में दर्ज FIR में 10 अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है. पुलिस की टीमें बाकी आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं. जांच में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है.
