उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में गंभीर हालत वाले नवजात को जिला अस्पताल ले जा रही 108 एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई. एंबुलेंस को दोबारा चालू करने की राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. नवजात की हालत बिगड़ती देख ट्रैफिक सिपाही अजय यादव ने उसे और उसके परिजन को बाइक से अस्पताल पहुंचाया.

यह घटना बुधवार देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र के एलआईसी चौराहे के पास की बताई गई है. नवजात को मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था. परिजन उसे 108 एंबुलेंस से लेकर जा रहे थे. जिला अस्पताल पहुंचने से कुछ दूरी पहले ही वाहन चलते-चलते बंद हो गया.

एंबुलेंस को धक्का देकर चालू करने की कोशिश

एंबुलेंस रुकने के बाद मौके पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद ली. लोगों और पुलिसकर्मियों ने वाहन को धक्का देकर स्टार्ट कराने की कोशिश की, लेकिन इंजन चालू नहीं हो सका. इस दौरान नवजात की स्थिति गंभीर बनी हुई थी और उसे जल्द चिकित्सा सुविधा की जरूरत थी.

हालात को देखते हुए सिपाही अजय यादव ने बच्चे और उसके परिजन को अपनी बाइक पर बैठाया और जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए. अस्पताल पहुंचने के बाद नवजात का इलाज शुरू किया गया.

घटना के बाद खराब एंबुलेंस को धक्का लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इस मामले ने आपातकालीन सेवा में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की स्थिति और उनकी नियमित जांच पर सवाल खड़े किए हैं.

एंबुलेंस की जांच के निर्देश

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एम.के. जकार्ता ने बताया कि उन्हें एंबुलेंस के रास्ते में खराब होने की जानकारी मिली है. उन्होंने जिले में 102 और 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े अधिकारी से बात की है.

अधिकारी ने सभी एंबुलेंस की स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसी समस्या दोबारा सामने न आए.