उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में कलेक्ट्रेट रोड स्थित एक कॉलेज के दूसरे गेट के पास नाले के किनारे 10 से 15 फीट तक लंबा अजगर दिखाई दिया. अजगर को देखने के लिए आसपास के लोग जुट गए और कई लोगों ने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया.
घटना देर शाम की बताई गई है. राहगीर ने सबसे पहले नाले के पास बैठे अजगर को देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई. कई लोग अजगर के काफी करीब पहुंच गए, जिससे वहां अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई.
पुलिस ने लोगों को अजगर से दूर किया
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को अजगर से दूर किया. इसके बाद वन विभाग को जानकारी दी गई. कर्वी क्षेत्र के रेंजर और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से अजगर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की.
वन विभाग की टीम ने सावधानी से अजगर का रेस्क्यू किया. इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से वहां से ले जाकर जंगल के एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया. रेस्क्यू अभियान के दौरान लोग मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई देखते रहे.
वयस्क इंडियन रॉक पाइथन होने का दावा
डीएफओ प्रत्यूष कुमार कटियार के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया अजगर वयस्क इंडियन रॉक पाइथन था और उसकी लंबाई करीब 10 से 15 फीट थी. वन विभाग के अनुसार, यह प्रजाति आमतौर पर जंगलों में पाई जाती है.
वन विभाग ने संभावना जताई कि हाल में हुई बारिश और बाढ़ के कारण अजगर अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंचा होगा. विभाग ने उसे उसके प्राकृतिक माहौल में वापस छोड़ दिया है.
