वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी सीलिया फ्लोरेस ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए अमेरिका की जेल से रिहाई की मांग की है. उनके वकीलों ने न्यूयॉर्क की संघीय अदालत से अनुरोध किया है कि मुकदमे तक उन्हें घर में नजरबंद रखा जाए.
याचिका में 69 वर्षीय फ्लोरेस के लिए 24 घंटे सशस्त्र निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक मॉनिटरिंग, सीमित मुलाकातों और निगरानी वाली फोन कॉल जैसी शर्तों का प्रस्ताव दिया गया है. उनके वकीलों के मुताबिक, फ्लोरेस को सीने में दर्द, दिल की धड़कन अनियमित होने और सांस लेने में दिक्कत जैसी परेशानियां हैं.
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, 29 जुलाई को उन्हें करीब 30 मिनट तक सीने में तेज दबाव और सांस फूलने का गंभीर अनुभव हुआ था. वकीलों ने आशंका जताई है कि यह हल्का हार्ट अटैक हो सकता है, हालांकि इसकी चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है.
फ्लोरेस और मादुरो जनवरी 2026 से ब्रुकलिन की संघीय हिरासत में हैं. दोनों पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप हैं और वे आरोपों से इनकार करते हैं. फ्लोरेस की मांग पर अदालत का फैसला अभी लंबित है.
