भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने INDIA bloc के नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात का अनुरोध स्वीकार नहीं किया. विपक्षी नेताओं ने कथित ‘वोट चोरी’, चुनावी मतदाता सूचियों के Special Intensive Revision और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन देने के लिए मुलाकात का समय मांगा था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CJI ने अपने जवाब में कहा कि उठाए गए मुद्दों से जुड़े मामले सुप्रीम कोर्ट में पहले से लंबित हैं. ऐसे मामलों पर प्रशासनिक स्तर पर राजनीतिक नेताओं से चर्चा करना न्यायिक मर्यादा और शक्तियों के पृथक्करण के सिद्धांत के अनुरूप नहीं होगा.
CJI ने यह भी स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट सरकार के कामकाज में प्रशासनिक भूमिका से हस्तक्षेप नहीं कर सकता. हालांकि, विपक्षी नेता अपने मौलिक अधिकारों या अन्य शिकायतों के निवारण के लिए न्यायिक प्रक्रिया के तहत याचिका दायर कर सकते हैं. संबंधित याचिकाओं पर अदालत कानून के अनुसार सुनवाई करेगी.
INDIA bloc ने इन मुद्दों को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का कार्यक्रम भी रखा है. विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
