भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों से मुलाकात नहीं करने का कारण बताया है. उनके अनुसार, विपक्ष का पत्र रविवार को मिला था और उसी रात उसका जवाब दे दिया गया. पत्र की सामग्री के बारे में पूछे जाने पर CJI ने कहा कि यह सवाल विपक्षी सांसदों से पूछा जाना चाहिए.

CJI ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. आम नागरिक या निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपनी शिकायतों और मौलिक अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में अदालत का रुख कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अदालत कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेगी.

राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच CJI से मिलने का समय मांगा था. वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग वाला ज्ञापन सौंपना चाहते थे. हालांकि, मुलाकात नहीं हो सकी.

CJI ने बताई न्यायिक प्रक्रिया

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, CJI के जवाब में चार प्रमुख बातें कही गईं. SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मामले पहले से अदालत में लंबित हैं. ऐसे मामलों पर प्रशासनिक स्तर पर शिकायत के बजाय न्यायिक प्रक्रिया अपनानी होगी.

CJI ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट के न्यायिक समीक्षा अधिकार का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष सोमवार को याचिका दाखिल करता है तो उसे मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है. उसी दिन संबंधित लंबित मामलों पर भी सुनवाई प्रस्तावित है.

मुलाकात से इनकार के बाद विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की घोषणा की. कांग्रेस ने इसे ‘चलो दिल्ली-मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है. नेताओं के कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर दोपहर 1:30 बजे जुटने की बात कही गई. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में युवाओं, विपक्षी दलों और नागरिक संगठनों के शामिल होने का दावा किया.

इससे पहले INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपा था.