भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठक का अनुरोध स्वीकार नहीं किया है. कांग्रेस की ओर से सोमवार को साझा किए गए पत्र में CJI ने कहा कि जिन मुद्दों पर चर्चा के लिए मुलाकात मांगी गई थी, वे पहले से सुप्रीम कोर्ट के समक्ष लंबित हैं.
राहुल गांधी और खड़गे ने 10 अक्टूबर को CJI को पत्र लिखकर 12 अक्टूबर को शाम 4 से 5 बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था. वे एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे. ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त और निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों के अलावा कई छात्रों की ‘मनमानी गिरफ्तारी’, मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने और ट्रेनों को रद्द किए जाने जैसे विषय शामिल थे.
CJI ने बताई न्यायिक प्रक्रिया
पत्र के अनुसार, CJI सूर्यकांत ने कहा कि लंबित मामलों पर बैठक बुलाना शक्तियों के पृथक्करण के सिद्धांत के विपरीत होगा. उन्होंने इसे न्यायिक नैतिकता और न्यायिक मर्यादा के अनुरूप भी नहीं बताया.
CJI ने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासनिक पक्ष से ज्ञापन देने के बजाय उचित प्रक्रिया के तहत याचिका दाखिल की जानी चाहिए. यह याचिका भौतिक रूप से या ऑनलाइन दाखिल की जा सकती है और सुप्रीम कोर्ट इन मुद्दों पर अपने न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए विचार करेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के पास पत्र में उठाए गए मुद्दों से निपटने के लिए प्रशासनिक शक्तियां नहीं हैं. हालांकि, संविधान के अनुच्छेद 32 और न्यायिक समीक्षा समेत अन्य व्यापक अधिकारों के तहत नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मामलों पर अदालत का विचार करना उसका दायित्व है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्षी नेता सोमवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल करने वाले थे. इसमें ‘वोट चोरी’ के आरोपों का भी उल्लेख किया जाना था.
