सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) और सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) ने कांग्रेस की केरल इकाई के उस सोशल मीडिया पोस्ट की निंदा की है, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत से इस्तीफा देने की मांग की गई थी. दोनों संस्थाओं ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी न्यायपालिका में जनता के भरोसे को प्रभावित कर सकती है और न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप के समान मानी जा सकती है.

सोमवार को पारित प्रस्ताव में SCBA ने कहा कि इस तरह के बयान न्यायपालिका की संस्था को कमतर करते हैं और न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप का प्रयास माने जा सकते हैं. SCBA की सचिव प्रज्ञा बघेल ने सदस्यों और अन्य लोगों से सुप्रीम कोर्ट की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की अपील की.

SCBA ने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति या पक्ष को कोई शिकायत हो तो वह सार्वजनिक बयान देने के बजाय अदालत का रुख कर सकता है और उचित राहत मांग सकता है.

किस पोस्ट पर हुआ विवाद

विवाद कांग्रेस के केरल इकाई के ‘INC Kerala’ हैंडल से किए गए एक पोस्ट को लेकर है. पोस्ट में CJI को संबोधित करते हुए कहा गया था कि अगर कानून-व्यवस्था उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है तो वे इस्तीफा दें और ऐसी स्थिति संभाल सकने वाले व्यक्ति की नियुक्ति की जाएगी. यह पोस्ट बाद में हटा दिया गया.

यह टिप्पणी दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों पर CJI की कथित प्रतिक्रिया के संदर्भ में की गई थी. समाचार एजेंसी PTI के हवाले से सामने आए बयान में CJI ने कथित तौर पर कहा था कि यह कानून-व्यवस्था का मामला है और उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता.

SCAORA ने भी सार्वजनिक रूप से की गई इस मांग पर कड़ी आपत्ति जताई. संगठन की सचिव युगंधरा पवार झा ने कहा कि न्यायपालिका के प्रमुख के इस्तीफे की मांग करने वाले बयान CJI के पद की गरिमा और संस्था में जनता के विश्वास को कमजोर कर सकते हैं. प्रस्ताव में न्यायिक संस्था को दबाव या हस्तक्षेप के बिना स्वतंत्र रूप से काम करने देने की बात कही गई.