भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार है. उन्होंने कहा कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई होती है, तो न्यायपालिका उनकी रक्षा करेगी. CJI शनिवार को पटना स्थित चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (CNLU) में कानून के छात्रों से संवाद कर रहे थे.

संवाद के दौरान छात्रों ने कॉलेजियम में दर्ज असहमति और नकारात्मक टिप्पणियों को सार्वजनिक न किए जाने पर सवाल उठाया. CJI सूर्यकांत ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां सार्वजनिक होने से उस व्यक्ति की स्थिति कठिन हो सकती है, जिसके नाम पर विचार चल रहा हो. उनके अनुसार, अच्छी नीयत से की गई नकारात्मक टिप्पणी सार्वजनिक होने पर संबंधित व्यक्ति की गरिमा और प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है. इसलिए कॉलेजियम की गोपनीयता बनाए रखना जरूरी है.

छात्रों ने CNLU में बढ़ती फीस और पर्याप्त छात्रवृत्ति की कमी का मुद्दा भी उठाया. विश्वविद्यालय के अनुसार, CJI ने इस चिंता पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस विषय पर ध्यान दिया जाएगा. पहली पीढ़ी के वकीलों की आर्थिक मुश्किलों के सवाल पर उन्होंने ‘सारिका त्यागी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया’ मामले में सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश का उल्लेख किया. इसमें युवा वकीलों को शुरुआती वर्षों में आर्थिक सहायता देने के लिए ‘प्रोफेशनल असिस्टेंस कॉर्पस’ जैसे तंत्र की जरूरत पर चर्चा की गई थी.

पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शनों के संदर्भ में बताया गया कि बिहार समेत देश के कई हिस्सों में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और प्राथमिकी की गई थी. मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद सभी मामले रद्द करने और जेल में बंद छात्रों को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया गया था.

बच्चों में नशे की समस्या पर संरक्षण और पुनर्वास पर जोर

CJI सूर्यकांत ने पटना के लोक भवन में बच्चों में बढ़ते नशे, उनके संरक्षण और पुनर्वास पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि बच्चों में नशे की समस्या को केवल स्वास्थ्य या अपराध का मुद्दा नहीं माना जा सकता. इसका असर उनकी पढ़ाई, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य पर पड़ता है. ऐसे बच्चों को अपराधी मानने के बजाय संरक्षण, उपचार और पुनर्वास की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि परिवार, स्कूल, शिक्षक और समाज को मिलकर शुरुआती व्यवहारगत बदलाव पहचानने होंगे. पुनर्वास का अर्थ केवल नशे से दूर करना नहीं, बल्कि बच्चे को शिक्षा, खेल, परिवार और समाज से दोबारा जोड़ना भी है. इसके साथ मानसिक स्वास्थ्य सहायता और सुरक्षित वातावरण जरूरी है.

बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने नशे की समस्या को राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जोड़ा. उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी संगठित अपराध और अवैध धन के नेटवर्क को बढ़ावा दे सकती है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े क्षेत्रों में विशेष सतर्कता आवश्यक है. कार्यक्रम में पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और CNLU के चांसलर जस्टिस वी. कामेश्वर राव तथा कुलपति प्रो. फैजान मुस्तफा भी मौजूद रहे.