सुप्रीम कोर्ट ने CJI सूर्यकांत पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक वकील को अवमानना नोटिस जारी किया है. अदालत ने वकील से 20 जनवरी 2027 तक जवाब मांगा है. यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर की गई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन की तीन सदस्यीय पीठ ने नोटिस जारी किया. SCBA ने वकील के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया था.
सुनवाई के दौरान हुई तीखी बहस
मामला सोमवार दोपहर करीब दो बजे का बताया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले की जल्द सुनवाई चाहते थे. उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के बिना अपना पक्ष रखने के लिए पहले माफी मांगी. इस पर जस्टिस वी. मोहन ने कहा कि इस तरह मामले का उल्लेख नहीं किया जा सकता.
CJI सूर्यकांत ने वकील से उनकी अर्जी देखने और कुछ देर इंतजार करने को कहा. इसके बाद वकील कथित तौर पर नाराज हो गए और उन्होंने CJI की गरिमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं तथा उनमें ईमानदारी नहीं है. हालांकि, उन्होंने पीठ में शामिल जस्टिस बागची और जस्टिस मोहन के प्रति सम्मान जताया.
रिपोर्ट्स के अनुसार, टिप्पणी के बाद अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया. बाद में सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्टरूम से बाहर ले जाया. उस समय मौजूद अन्य वकीलों ने CJI से कार्रवाई की मांग की थी.
यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों के साथ कथित दुर्व्यवहार की हालिया घटनाओं के बीच सामने आया है. जुलाई की एक घटना में एक याचिकाकर्ता ने CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे. अक्टूबर 2025 में तत्कालीन CJI बी.आर. गवई की ओर जूता फेंकने का प्रयास करने वाले एक वकील को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रैक्टिस से निलंबित किया था.
