दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है. यह फैसला 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन ट्रेनों पर लागू है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचना था.

प्रभावित ट्रेनों में लखनऊ मेल, लखनऊ-नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. वाराणसी और प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली कुछ अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर की जानकारी सामने आई है.

रेलवे ने यह कदम नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी यातायात और भीड़ की आशंका को देखते हुए उठाया है. यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना, NTES या IRCTC पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है. रद्द टिकटों के रिफंड की प्रक्रिया ऑनलाइन और रेलवे काउंटरों के माध्यम से की जाएगी.