Anthropic ने कहा है कि उसके AI मॉडल Claude ने DNA डेटाबेस का विश्लेषण करते हुए एक नए एंजाइम सिस्टम की पहचान में मदद की है. कंपनी के मुताबिक, इस सिस्टम में रिवर्स ट्रांसक्रिप्टेज, उससे जुड़ा एक सहायक जीन और लंबे, समान दूरी पर मौजूद DNA रिपीट्स शामिल हैं. इन रिपीट्स का ढांचा CRISPR जैसी प्रणालियों से मिलता-जुलता है.
Anthropic ने इस सिस्टम को ‘array-associated reverse transcriptases’ यानी ART नाम दिया है. यह मुख्य रूप से बैक्टीरियोफेज में पाया गया है, जो बैक्टीरिया को संक्रमित करने वाले वायरस होते हैं. रिवर्स ट्रांसक्रिप्टेज RNA को DNA में कॉपी करने वाला एंजाइम है.
कंपनी के अनुसार, Claude एजेंट्स ने 21 घंटे में 2 लाख से अधिक रिवर्स ट्रांसक्रिप्टेज की जांच की, करीब 3,500 संभावित सिस्टम चुने और 20 प्रमुख उम्मीदवारों का विस्तृत विश्लेषण किया. इसी प्रक्रिया में एक एजेंट ने रिवर्स ट्रांसक्रिप्टेज जीन के पास दोहराए गए DNA पैटर्न को पहचाना.
शुरुआती प्रयोगों में ART रिपीट्स से छोटे RNA बनने के संकेत मिले हैं. हालांकि, सिस्टम का वास्तविक कार्य अभी ज्ञात नहीं है और इसकी उपयोगिता को जीन-संपादन तकनीक के रूप में साबित नहीं किया गया है. Anthropic ने संबंधित निष्कर्ष प्रीप्रिंट के रूप में साझा किए हैं; आगे के प्रयोग जारी हैं.
