नई दिल्ली में जारी एक श्वेतपत्र के अनुसार, जलवायु परिवर्तन भारत की खाद्य आपूर्ति को प्रभावित कर रहा है. बढ़ते तापमान, अनियमित बारिश, चरम मौसम की घटनाओं और पारिस्थितिक क्षरण के कारण फसल उत्पादन घट रहा है, सप्लाई चेन बाधित हो रही है और खाद्य कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है. इसका असर किसानों के साथ-साथ खुदरा विक्रेताओं और उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है.
Climate Trends की रिपोर्ट ‘From Risk to Resilience: Climate Change, Ecology and the Future of Indian Agriculture’ में कृषि और खाद्य प्रणाली से जुड़े मौजूदा शोधों को संकलित किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, जलवायु जोखिमों के कारण कृषि उत्पादकता में गिरावट, आपूर्ति में व्यवधान, आपदा से होने वाला नुकसान, कीमतों में अस्थिरता, व्यापार पर असर और खाद्य असुरक्षा बढ़ सकती है.
फसलों और मत्स्य उत्पादन पर असर
रिपोर्ट में उद्धृत शोध के अनुसार, पिछले पांच दशकों में तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि से देश में विभिन्न फसलों की औसत पैदावार करीब 8% कम हुई है. जलवायु-संवेदनशील फसल मक्का में यह गिरावट 16% तक बताई गई है. बारिश में 20% कमी आने पर धान की पैदावार 12% तक घट सकती है, जबकि जलवायु परिवर्तन के मौजूदा अनुमानों के तहत 2050 तक गेहूं उत्पादन में 23% तक कमी का जोखिम है. इसी अवधि में मछली पकड़ने की मात्रा 10-17% घटने का अनुमान भी रिपोर्ट में दिया गया है.
जलवायु असर खेतों से आगे बाजारों तक पहुंच रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, 2024 की गर्मियों में, जिसे भारत का अब तक का सबसे गर्म वर्ष बताया गया, दिल्ली की आजादपुर मंडी में आम सामान्यतः करीब दो दिन टिकने के बजाय एक दिन में खराब हो गए. इससे एक फल विक्रेता को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ.
भारत में अपर्याप्त भंडारण और परिवहन सुविधाओं के कारण 30-40% फल-सब्जियां और 5-6% अनाज नष्ट होने का अनुमान है. ताजा उपज का केवल 4% हिस्सा cold-chain सुविधाओं के दायरे में है. रिपोर्ट ने सालाना खाद्य नुकसान का अनुमान 13 अरब डॉलर लगाया है. गर्मी के तनाव से हर साल करीब 18 लाख टन दूध का नुकसान होने की बात भी कही गई है, जो राष्ट्रीय उत्पादन का लगभग 2% है और इससे करीब 2,661 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होता है.
खाद्य महंगाई और अनुकूलन की जरूरत
रिपोर्ट में उद्धृत भारतीय रिजर्व बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, अप्रैल 2014 से मार्च 2024 के बीच तापमान विचलन में एक इकाई की वृद्धि से सब्जियों की महंगाई करीब 1.3 प्रतिशत अंक बढ़ी. 2024 में लू के कारण प्याज उत्पादन प्रभावित हुआ और कीमतों में 80% तक वृद्धि दर्ज की गई.
रिपोर्ट के मुताबिक, 2050 तक धान, गेहूं और मक्का में जलवायु-संबंधी नुकसान देश के सकल घरेलू उत्पाद के 0.28-1.02% के बराबर हो सकता है. इसमें रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता, भूजल दोहन और लगातार धान-गेहूं चक्र को मिट्टी के क्षरण और जल संकट का कारण बताया गया है.
श्वेतपत्र ने agroecology आधारित खेती की ओर चरणबद्ध बदलाव की सिफारिश की है. इसमें मिट्टी का स्वास्थ्य सुधारने, पानी बचाने, फसल विविधीकरण, जलवायु-प्रतिरोधी बीज, फसल बीमा, स्थानीय मौसम सलाह, बेहतर चेतावनी प्रणाली और विकेंद्रीकृत भंडारण-प्रसंस्करण सुविधाओं पर जोर दिया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण एशिया में 10 हेक्टेयर या उससे कम भूमि वाले छोटे किसानों को 2021 में जलवायु अनुकूलन के लिए 150.3 अरब डॉलर की जरूरत थी, लेकिन उपलब्ध वित्त केवल 21 करोड़ डॉलर रहा. रिपोर्ट ने शोध, कृषि विस्तार, ऋण, बीमा, खरीद और सब्सिडी व्यवस्था में सुधार के साथ किसानों को संक्रमण अवधि में आय-सुरक्षा देने की जरूरत बताई है.
