बारिश की तीव्रता कम होने के साथ Coal India की खदानों में कोयला उत्पादन और डिस्पैच में तेजी आई है. केंद्रीय कोयला मंत्रालय के अनुसार, 4 सितंबर को कंपनी का औसत दैनिक उत्पादन बढ़कर करीब 1.7 मिलियन टन हो गया, जबकि सितंबर के पहले तीन बारिश प्रभावित दिनों में यह लगभग 1.36 मिलियन टन प्रतिदिन था.

मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कोयला उत्पादक क्षेत्रों में बारिश कम होने से खनन और कोयला संभालने से जुड़ी गतिविधियां सामान्य होने लगी हैं. लगातार बारिश के कारण कोयले की परतें गीली और चिपचिपी हो गई थीं. अब इनके सूखने से ताजा निकाला गया कोयला अधिक आसानी से Coal Handling Plants तक पहुंचाया और वहां से भेजा जा रहा है.

ओवरबर्डन हटाने की गति भी बढ़ी

कोयला उत्पादन की क्षमता का एक अहम संकेतक ओवरबर्डन हटाने की रफ्तार भी 4 सितंबर को बढ़ी. मंत्रालय के मुताबिक, उस दिन 4.1 मिलियन घन मीटर ओवरबर्डन हटाया गया, जबकि महीने के पहले तीन दिनों में यह आंकड़ा 2.5 मिलियन घन मीटर था. ओवरबर्डन में कोयले तक पहुंचने के लिए हटाई जाने वाली मिट्टी, चट्टान और अन्य परतें शामिल होती हैं.

मंत्रालय के अनुसार, कोलकाता मुख्यालय वाली Coal India और उसकी सहायक कंपनियों ने मौजूदा आपूर्ति समझौते वाले बिजली संयंत्रों को उनके सालाना अनुबंधित कोयले से अधिक मात्रा उठाने का विकल्प भी दिया है. यह अतिरिक्त आपूर्ति सड़क परिवहन के जरिए की जा सकती है, जबकि रेल मार्ग से होने वाली मौजूदा आपूर्ति जारी रहेगी.

बिजली संयंत्रों को डिस्पैच में सुधार

बिजली क्षेत्र के लिए कोयले की उपलब्धता में भी सुधार दर्ज किया गया है. मंत्रालय के मुताबिक, 4 सितंबर को बिजली संयंत्रों को औसत दैनिक डिस्पैच करीब 1.5 मिलियन टन रहा. सितंबर के पहले तीन दिनों में यह लगभग 1.35 मिलियन टन प्रतिदिन था.

मंत्रालय ने कहा कि शुष्क मौसम शुरू होने के साथ आने वाले दिनों में लोडिंग और बढ़ने की उम्मीद है. इस रुझान को बनाए रखने के लिए स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है.

सरकार ने Coal India के पास मौजूद बड़े भंडार को आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में सुरक्षा कवच बताया है. मंत्रालय के अनुसार, कंपनी के पिटहेड्स पर करीब 76 मिलियन टन कोयला स्टॉक है. इसमें 46 मिलियन टन ऐसा कोयला शामिल है, जो निकासी के लिए तैयार बताया गया है.