कॉकरोच जनता पार्टी ने देशभर में ‘कॉकरोच क्लब’ शुरू करने की योजना बनाई है. संगठन के अनुसार, यह पहल युवाओं को स्वतंत्र रूप से सोचने, विचार साझा करने और देश के भविष्य पर चर्चा करने के लिए मंच देगी.
क्लब में राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर संवाद के अलावा फिल्म स्क्रीनिंग, व्याख्यान, स्टैंड-अप कॉमेडी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पढ़ने और अध्ययन के लिए शांत माहौल उपलब्ध कराने की भी योजना है.
संगठन के सह-संयोजक सौरव दास के अनुसार, क्लब में किसी विचारधारा को मानने के लिए युवाओं पर दबाव नहीं होगा. उनका कहना है कि अलग-अलग विचारों पर चर्चा और सवाल उठाने के साथ स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना इसका प्रमुख उद्देश्य है.
क्लब में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और डॉ. बीआर आंबेडकर जैसे विचारकों के विचारों पर अध्ययन और चर्चा भी प्रस्तावित है. पहला कार्यक्रम 21 नवंबर को पुणे में आयोजित किया गया, जिसके बाद इस पहल को देश के अन्य हिस्सों तक ले जाने की योजना बताई गई है. प्रवेश निःशुल्क रखा गया था, हालांकि ऑनलाइन पंजीकरण और आधिकारिक पास जरूरी था.
