तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में चल रहे कांग्रेस के भारत समिट का शनिवार को समापन होगा. समापन कार्यक्रम नोवोटेल होटल में आयोजित किया जाएगा, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाषण देंगे. आयोजकों के अनुसार, समिट में 70 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं.

सम्मेलन में वैश्विक चुनौतियों और मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की गई. तेलंगाना के IT और इंडस्ट्रीज मंत्री डी श्रीधर बाबू ने कहा कि भारत समिट 2026 का उद्देश्य राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर लाना है. उनके मुताबिक, सम्मेलन तेलंगाना को अपने इंडस्ट्रियल और IT इकोसिस्टम को सामने रखने का अवसर भी दे रहा है.

कांग्रेस का यह दूसरा भारत समिट है. पहला सम्मेलन 25 और 26 अप्रैल 2025 को हैदराबाद में आयोजित किया गया था.

गिग वर्कर्स के लिए राहुल की घोषणाएं

समिट से पहले राहुल गांधी ने हैदराबाद में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े गिग वर्कर्स को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने तेलंगाना सरकार की ओर से उनके लिए प्रस्तावित कल्याणकारी प्रावधानों की जानकारी दी.

राहुल गांधी के मुताबिक, गिग वर्कर्स को अपने डेटा पर अधिकार देने की दिशा में कानून लाया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि हर गिग वर्कर को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है. उनके अनुसार, प्रत्येक राइड या डिलीवरी लेनदेन का 1 प्रतिशत हिस्सा सीधे गिग वर्कर के बैंक खाते में भविष्य की सुरक्षा के लिए जमा किया जाएगा और यह राशि कंपनी को देनी होगी.