कांग्रेस और उसकी युवा इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि Instagram और Facebook पर राहुल गांधी के नाम या तस्वीर वाले पोस्ट तथा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर सवाल उठाने वाली सामग्री को स्वचालित प्रणाली के जरिए प्रतिबंधित किया जा रहा है.
इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और सोशल मीडिया विभाग से जुड़े Manu Jain ने Meta Platforms और केंद्र सरकार को पक्षकार बनाते हुए याचिका दायर की है. याचिका में IT Rules, 2021 के Rule 4(4) की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई है. कांग्रेस का दावा है कि 29 सितंबर से 23 नवंबर के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं को कई पोस्ट के भारत में अनुपलब्ध किए जाने के नोटिस मिले.
याचिका में राहुल गांधी से संबंधित तस्वीरों, जन्मदिन की शुभकामनाओं, विवाह निमंत्रण और राजीव गांधी को श्रद्धांजलि जैसे पोस्ट पर भी कार्रवाई का आरोप लगाया गया है. पार्टी ने प्रतिबंधित सामग्री बहाल करने और केवल नाम या तस्वीर के आधार पर पोस्ट या अकाउंट सीमित नहीं करने का निर्देश मांगा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Meta ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से कहा है कि वह भारतीय कानूनों का पालन कर रहा है. कंपनी की पारदर्शिता जानकारी के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में भारत में 54 लाख से अधिक पोस्ट या अकाउंट पर स्थानीय कानूनों के तहत कार्रवाई की गई.
