कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब और उत्तर प्रदेश में अपनी राज्य इकाइयों के नेतृत्व में बदलाव किया है. पार्टी ने पूर्व हॉकी खिलाड़ी और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है.
परगट सिंह को यह जिम्मेदारी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद मिली है. वह पंजाब में पार्टी के संगठन को संभालेंगे और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का नेतृत्व करेंगे.
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है. वह अजय राय की जगह लेंगी. आराधना मिश्रा वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी की प्रमुख आवाजों में शामिल रही हैं.
पार्टी ने इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया है. कांग्रेस के इस फेरबदल को दोनों राज्यों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है.
